गणतंत्र दिवस हमारे वैभव विकास समृद्धि ऐश्वर्य एवं विरासत का प्रतीक है – जसपाल सिंह एसडीएम शिलाई
गणतंत्र दिवस हमारे वैभव विकास समृद्धि ऐश्वर्य एवं विरासत का प्रतीक है – जसपाल सिंह एसडीएम शिलाई
टीका राम शर्मा रोन हाट ( सिरमौर) 76वें गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण कर आकर्षक मार्चपास्ट की ली सलामी 76 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर शिलाई में आयोजित उपमंडल स्तरीय समारोह में बतौर मुख्यातिथि उप मंडल दंड़ाधिकारी जसपाल सिंह ने शिलाई में ध्वजारोहण कर आकर्षक मार्चपास्ट की सलामी ली। मार्चपास्ट के दौरान एसडीएम शिलाई जसपाल सिंह ने शहीद स्मारक पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
एसडीएम शिलाई ने अपने संबोधन में सभी को 76वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू होने के पश्चात हमारा देश विश्व में गणतंत्र राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ। उन्होंने कहा कि हमारे देश का समृद्ध इतिहास रहा है जहाँ विभिन्न जाति, धर्म, संप्रदायों के बलिदान एवं संघर्ष से हमें आजादी प्राप्त हुई है। जिसे संजोए रखने के लिए धर्मनिरपेक्ष, संप्रभु, समाजवादी एवं लोकतांत्रिक राष्ट्र की संकल्पना को आधुनिक भारत अपने संविधान द्वारा व्यक्त करता है।
उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे वैभव, विकास, समृद्धि, ऐश्वर्य एवं विरासत की कहानी सुनाता है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष हम “स्वर्णिम भारत-विरासत और विकास” थीम के साथ अपना 76 वां गणतंत्र दिवस मना रहे हैं। इस उद्देश्य से स्पष्ट हो जाता है कि हमें विकास की श्रृंखला को निरंतर इसी तरह से बढ़ाते रहना है, किंतु साथ ही अपनी विरासत को भी सुरक्षित रखना है। उन्होंने कहा कि विरासत और विकास का आदर्श वाक्य इस लिए अधिक महत्वपूर्ण हो जाता है, क्योंकि विकास की अंधी दौड़ में विरासत को संभालना नई पीढ़ी का ही दायित्व है।
उन्होंने कहा कि इस दिन कत्तर्व्य पथ पर हमारी सैन्य क्षमता का विस्तार और सांस्कृतिक धरोहर का वैभव देखकर देश की अनुभवी पीढ़ी गर्व महसूस करती है तो नई पीढ़ी विस्मित होकर इनके संवर्धन के लिए शपथ लेती है। वहीं दूसरी ओर इस प्रदर्शन से हम विश्व को अपनी क्षमता शौर्य, पराक्रम से सम्पन्न सैन्य शक्ति तथा विविधता में एकता की सांस्कृतिक धरोहर से अचंभित करते हैं।
इसका समुचित विकास, सुरक्षा व्यवस्था, इसकी पवित्रता, सौन्दर्यकरण हम सबके व्यक्तिगत योगदान पर निर्भर करता है।
प्रत्येक नागरिक अपने-अपने कर्म क्षेत्र में निष्ठा पूर्वक अपने कर्तव्य का पालन करता है, तो उसे देश सेवा ही कहा जाता है।
उन्होंने कहा कि हमारे सैनिक सीमाओं पर देश की रक्षा करते हैं, जिसके कारण दुश्मन शक्तियों से हमारा देश सुरक्षित रहता है। किंतु हमें अपने देश को सामाजिक कुरीतियों, सांप्रदायिकता, नशा और आंतरिक कल्ह जैसे भीतरी दुश्मनों से भी बचाना है, यह कार्य हम सभी नागरिकों को मिलकर अपने विवेक एवं आपसी सौहार्द से संपादित करना होगा।
इस अवसर पर खण्ड विकास अधिकारी शिलाई अभिषेक सिंह, एसएचओ शिलाई प्रीतम सिंह , व जलशक्ति विभाग मण्डल शिलाई अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार, तहसीलदार शिलाई, सिडीपीओ शिलाई, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवम् कर्मचारियों सहित स्थानीय गणमान्य व्यक्ति व विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, व स्वम् सहायता समूह की महिलाएं आदि कई लोग मौजूद रहे ।