धार्मिक यात्रा पर आया था परिवार ऑटो पलटने से 7 वर्षीय बच्चे की थम गई सांसें
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। हादसे में एक 7 साल के बच्चे की मौत हो गई है। जबकि उसकी 11 साल की बहन गंभीर रूप से घायल हुई है। यह हादसा ऊना जिला के उपमंडल अंब में अंब ऊना हाईवे पर आज शनिवार सुबह के समय हुआ है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच कर आगामी जांच में जुट गई है।
हरियाणा से धार्मिक यात्रा पर आया था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार हिमाचल के पड़ोसी राज्य हरियाणा से एक पूरा परिवार ऊना जिला में स्थित धार्मिक स्थल डेरा बाबा बड़भाग सिंह जी मैडी में आया हुआ था। जब यह लोग वापस जा रहे थे, तभी हादसे का शिकार हो गए। जिसमें परिवार ने अपना सात साल का मासूम बेटा खो दिया। घर से हंसी खुशी धार्मिक यात्रा पर आए इस परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सिविल अस्पताल अंब ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान 7 साल के रूबल ने दम तोड़ दिया। जबकि उसकी बहन आकृति को प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया। मृतक की पहचान रूबल पुत्र नसीब सिंह निवासी खानपुर रोडंगा कुरुक्षेत्र हरियाणा के रूप में हुई है।
इस हादसे में ऑटो चालक, बच्चों की माता और नाना नानी बाल बाल बच गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। थाना प्रभारी अंब अनिल उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।