रस्साकस्सी प्रतियोगिता बनी हादसे का कारण 15 महिलाएं घायल
रस्साकस्सी प्रतियोगिता बनी हादसे का कारण 15 महिलाएं घायल, बच्ची की हालत गंभीर
सिरमौर जिले में आयोजित एक पारंपरिक खेल प्रतियोगिता उस समय हादसे में तब्दील हो गई, जब रस्साकस्सी के दौरान रस्सी अचानक टूट गई। इस दुर्घटना में करीब 15 महिलाएं संतुलन खोकर लगभग 10 से 12 फीट ऊंचे डंगे से नीचे गिर गईं, जिससे कई महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना रविवार देर शाम राजगढ़ क्षेत्र के लेयुनाणा गांव में आयोजित स्थानीय मेले के दौरान हुई। प्रतियोगिता पूरे उत्साह के साथ चल रही थी, तभी अचानक रस्सी टूट गई। रस्सी टूटते ही प्रतियोगिता में शामिल महिलाएं एक-दूसरे के ऊपर गिरती हुई नीचे जा गिरीं।
हादसे में महिलाओं को सिर, गर्दन और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। इस दुर्घटना में एक बच्ची भी गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और आयोजकों की सहायता से सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया गया। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश पंवर ने बताया कि कई महिलाएं गंभीर हालत में अस्पताल लाई गई थीं। प्राथमिक जांच में ऊंचाई से गिरने के कारण गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है। गंभीर रूप से घायल बच्ची को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार सोलन अस्पताल में जारी है।
घायल महिलाओं और उनके परिजनों ने आयोजन में सुरक्षा इंतजामों की कमी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि उचित सुरक्षा व्यवस्था होती, तो इस तरह का हादसा टाला जा सकता था। फिलहाल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग मामले पर नजर बनाए हुए हैं।