नए साल की शुरुआत में हादसों ने हिमाचल को झकझोरा बिलासपुर में गर्भवती महिला की दर्दनाक मौत
नए साल की शुरुआत में हादसों ने हिमाचल को झकझोरा, बिलासपुर में गर्भवती महिला की दर्दनाक मौत
नया साल शुरू होते ही हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रहे सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। लगभग हर जिले से रोजाना हादसों की खबरें सामने आ रही हैं, जिनमें कई परिवार अपूरणीय क्षति झेल रहे हैं। इसी कड़ी में अब एक और दर्दनाक मामला हिमाचल के बिलासपुर जिले से सामने आया है।
बिलासपुर जिले के कीरतपुर–नेरचौक फोरलेन पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक गर्भवती महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया है। पति की हालत चिंताजनक बनी हुई है। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया है।
यह दर्दनाक हादसा बीते दिन बलोह क्षेत्र में टनल नंबर-4 के पास पेश आया। जानकारी के अनुसार, गर्भवती महिला अपने पति के साथ कार में यात्रा कर रही थी। रास्ते में महिला की तबीयत अचानक खराब हो गई, जिस कारण वह कार से बाहर निकलकर सड़क किनारे उल्टी करने लगी। इस दौरान उसका पति कार में ही मौजूद था।
इसी बीच सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने अनियंत्रित होकर कार और महिला को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पति-पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक भी ट्रक समेत खाई में जा गिरा और वह भी घायल हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को AIIMS बिलासपुर पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान गर्भवती महिला ने दम तोड़ दिया।
मृतका की पहचान लतिका शर्मा (33 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कि घुमारवीं क्षेत्र की रहने वाली थी। वहीं उनके पति अमित कुमार (38 वर्ष) का AIIMS बिलासपुर में उपचार चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
परिजनों ने बताया कि लतिका का एक आठ वर्षीय बेटा भी है, जो तीसरी कक्षा में पढ़ता है। हादसे के समय बेटा घर पर था। परिवार में जल्द ही नई खुशियां आने वाली थीं, क्योंकि लतिका दोबारा मां बनने वाली थी। लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने पल भर में परिवार की सारी खुशियां छीन लीं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही ट्रक चालक राजा राम, निवासी राजस्थान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तारी बताया जा रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क पर सावधानी और जिम्मेदार ड्राइविंग की जरूरत को उजागर करता है।