गहरी खाई में गिरी बाइक जवान बेटे ने तोड़ा दम- घर पर इंतजार करते रह गए परिजन
जिला सोलन के मानपुरा थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। ढेला मार्ग पर डाबर चौक के समीप शनिवार देर रात हुए इस हादसे में 31 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशनपुरा निवासी शमशेर सिंह (31) अपने साथी अवतार सिंह निवासी चंबा के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। जैसे ही उनकी बाइक डाबर चौक के पास स्थित पुल को पार कर रही थी, अचानक संतुलन बिगड़ गया। अनियंत्रित बाइक पुलिया से टकरा गई और दोनों युवक गहरी खाई में जा गिरे।
हादसा इतना भीषण था कि शमशेर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अवतार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए खाई में उतरकर घायल युवक को बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। फिलहाल अवतार सिंह का इलाज पीजीआई में जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही मानपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और आवश्यक औपचारिकताओं के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
ASP अशोक वर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया दुर्घटना बाइक के अनियंत्रित होने के कारण हुई प्रतीत हो रही है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
शमशेर सिंह की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जैसे ही हादसे की खबर गांव पहुंची, घर में कोहराम मच गया। परिजन बेसुध हैं और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्रशासन और पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में रात के समय वाहन चलाते हुए गति पर नियंत्रण रखें और पूरी सावधानी बरतें, ताकि इस तरह के दर्दनाक हादसों से बचा जा सके।