बिलासपुर में दर्दनाक हादसा: चारा लेने पेड़ पर चढ़ी महिला की गिरकर मौत गांव में शोक की लहर
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। झंडूता उपमंडल के गांव कलोल में पशुओं के लिए चारा लेने पेड़ पर चढ़ी एक 48 वर्षीय महिला की गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे से न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।
मृतका की पहचान चंचला देवी (48), पत्नी जय सिंह, निवासी गांव कलोल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह रोज की तरह अपने मवेशियों के लिए पेड़ से पत्ते काटने गई थीं। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह पेड़ से नीचे गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
परिजन और ग्रामीण तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झंडूता लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। खुशहाल परिवार में यह खबर पहुंचते ही मातम छा गया और घर का माहौल चीख-पुकार में बदल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर करीब दो सेंटीमीटर गहरा घाव और आंख के पास चोट का निशान पाया गया। अन्य किसी प्रकार की बाहरी चोट नहीं मिली है। परिजनों ने इसे हादसा बताते हुए किसी तरह की साजिश या संदेह से इनकार किया है।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल घुमारवीं भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। गांव में अंतिम संस्कार के दौरान हर आंख नम नजर आई।
ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में आज भी महिलाएं पशुओं के लिए चारा लाने हेतु जोखिम उठाकर पेड़ों पर चढ़ती हैं, जिससे ऐसे हादसों की आशंका बनी रहती है। चंचला देवी के आकस्मिक निधन से परिवार गहरे सदमे में है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।