चंबा: पढ़ाई और करियर के दबाव में छात्र ने की आत्महत्या 36 दिन बाद मिला शव
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है, जहां पढ़ाई और करियर के तनाव से जूझ रहे एक छात्र ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। छात्र शिमला में रहकर पढ़ाई कर रहा था और लंबे समय से मानसिक दबाव में बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, युवक करीब 36 दिन पहले कांडी पुल से रावी नदी में कूद गया था, जिसके बाद वह लापता हो गया था। पुलिस, प्रशासन और स्थानीय गोताखोरों की टीमों द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन नदी के तेज बहाव और चमेरा जलाशय की गहराई के कारण सफलता नहीं मिल पाई।
मंगलवार को चमेरा जलाशय के पलेई क्षेत्र में नाव चला रहे कुछ नाविकों ने पानी में एक शव तैरता हुआ देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को बाहर निकलवाया। बाद में उसकी पहचान उसी छात्र के रूप में हुई, जो 36 दिन पहले लापता हुआ था।
परिजनों ने बताया कि युवक शिमला में पढ़ाई के दौरान परीक्षा, भविष्य और करियर को लेकर अत्यधिक तनाव में था। इसी कारण वह कुछ समय पहले घर लौटा था, लेकिन मानसिक परेशानी कम नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि इसी तनाव के चलते वह घर से निकलकर कांडी पुल पहुंचा और नदी में कूद गया।
एसपी चंबा विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह घटना एक बार फिर बच्चों और युवाओं पर बढ़ते पढ़ाई व करियर के दबाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।