हिमाचल

हिमाचल : कार की टक्कर से कई फीट दूर जाकर गिरा किसान

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। खेतों में दिन-रात मेहनत कर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाला एक किसान सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। इस हादसे में उसकी मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार ने अपना कमाऊ सदस्य खो दिया है और अब उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

कार की टक्कर से गई जान

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह घुमारवीं क्षेत्र में मटौर-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर सेऊ गांव के पास यह हादसा हुआ। 42 वर्षीय किसान कर्म चंद अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान कुछ आवारा बैल उनके खेत में घुस आए। बैलों को बाहर निकालने की कोशिश में वह अनजाने में हाईवे तक पहुंच गए।

उसी समय दधोल की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कर्म चंद उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में तोड़ा दम

हादसे के तुरंत बाद कार चालक ने घायल किसान को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें एम्स बिलासपुर रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

कर्म चंद मेहनत-मजदूरी और खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार सदमे में है। ग्रामीणों के अनुसार, घर की पूरी आर्थिक जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। अब बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च और दैनिक जरूरतें अनिश्चितता के साए में हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *