हिमाचल

हिमाचल : सुबह-सवेरे खाई में गिरी कार- 3 की मौ.त

 

देवभूमि हिमाचल में शिवरात्रि के पावन पर्व की तैयारियों के बीच मंडी जिले की सराज घाटी से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जहां घर-घर में भोलेनाथ के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं, वहीं तड़के सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। चार बचपन के दोस्त जीप में निकले थे, लेकिन तीन की मौत हो गई, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।

यह हादसा रविवार तड़के करीब चार बजे सराज घाटी में लंबाथाच–कलहणी सड़क पर बुनालीधार के पास हुआ। जीप संख्या HP-65-5148 अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि चारों युवक बिना किसी को बताए घर से निकले थे।

हादसा इतना भयावह था कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। गाड़ी के खाई में गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, दो युवकों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान 19 वर्षीय ऋतिक ठाकुर, 17 वर्षीय सुनील और 18 वर्षीय ईशान के रूप में हुई है। वहीं 18 वर्षीय कुशाल गंभीर रूप से घायल है, जिसका उपचार श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल कॉलेज नेरचौक में चल रहा है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी युवक सराज क्षेत्र के केलोधार और आसपास के गांवों के निवासी थे और आईटीआई के छात्र थे।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त जीप योगराज निवासी बगस्याड़ की थी। हादसे में योगराज के बेटे ऋतिक की भी मौत हो गई। शिवरात्रि के दिन बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

दुर्घटना की भयावहता के कारण शुरुआती दौर में शवों की पहचान करने में भी कठिनाई हुई। बाद में परिजनों की सहायता से पहचान सुनिश्चित की गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और कानूनी प्रक्रिया जारी है।

थाना प्रभारी जंजैहली रामकृष्ण ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

शिवरात्रि के इस पावन दिन सराज घाटी में जहां उत्सव की तैयारी थी, वहां अब सन्नाटा और शोक पसरा हुआ है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *