हिमाचल में हुआ भीषण हा*दसा, गहरी खाई में गिरी कार
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के तहत आने वाले रामपुर बुशहर से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बालीधार–शान्दल मार्ग पर शुक्रवार दोपहर बाद एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी, जिससे कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार हादसा रामपुर बुशहर उपमंडल के बालीधार के समीप शान्दल रोड पर हुआ। बताया जा रहा है कि कार अचानक संतुलन खो बैठी और सीधे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना स्थानीय निवासी दिनेश कुमार ने फोन के माध्यम से थाना रामपुर को दी। उन्होंने सड़क के नीचे एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस के अनुसार कार में तीन लोग सवार थे और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। शवों को खाई से बाहर निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक आशंका है कि संकरी सड़क, तीखा मोड़ या वाहन का संतुलन बिगड़ना दुर्घटना की वजह हो सकता है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।