हिमाचल

हिमाचल: गीजर ऑन करते ही युवक को लगा करंट

 

हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में एक दर्दनाक हादसे ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। पांवटा साहिब क्षेत्र में करंट लगने से 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना से इलाके में शोक की लहर है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

मिली जानकारी के अनुसार हादसा पांवटा साहिब के मतरालियों क्षेत्र में शुक्रवार रात का है। युवक पिछले कुछ समय से यहां किराए के कमरे में रहकर एक निजी कंपनी में काम करता था। रोज की तरह वह रात करीब 10:30 बजे ड्यूटी से लौटकर कमरे पर पहुंचा और नहाने के लिए बाथरूम में चला गया।

बताया जा रहा है कि जैसे ही उसने पानी गर्म करने के लिए गीजर का स्विच ऑन किया, अचानक तेज करंट का झटका लगा। करंट इतना जोरदार था कि वह वहीं फर्श पर गिर पड़ा।

गिरने की आवाज सुनकर उसके साथी तुरंत बाथरूम की ओर दौड़े। दरवाजा खोलने पर युवक बेसुध अवस्था में पड़ा मिला। साथियों ने तुरंत उसे सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान निखिल चौहान (27) पुत्र सुरेंद्र, निवासी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

अस्पताल की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बाथरूम व गीजर की जांच की। प्रारंभिक जांच में गीजर में शॉर्ट सर्किट के कारण करंट फैलने की आशंका जताई जा रही है।

एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, ताकि हादसे के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *