पत्नी को मृ*त बता शख्स ने रचाई दूसरी शादी
सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती प्यार और भरोसे में बदली, फिर शादी तक पहुंची। लेकिन जब सच्चाई सामने आई तो रिश्ते की बुनियाद ही झूठ निकली। पहली पत्नी को मृत बताकर दूसरी शादी रचाने वाले आरोपी पर पांच माह तक दुष्कर्म और बाद में मारपीट करने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामला अब हिमाचल प्रदेश से पंजाब तक पहुंच गया है।
दरअसल मामला शिमला जिले से सामने आया है। यहां एक 37 वर्षीय महिला ने एक व्यक्ति के खिलाफ धोखे से शादी करने और पांच माह तक शारीरिक शोषण करने के आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर महिला थाना शिमला में जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले को आगे की जांच के लिए पटियाला पुलिस को भेज दिया गया है।
महिला के अनुसार फरवरी 2025 में उसकी पहचान इंस्टाग्राम पर राजदीप सिंह नामक व्यक्ति से हुई। बातचीत के दौरान आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी की मृत्यु हो चुकी है और उसकी एक बेटी है। सहानुभूति और विश्वास के आधार पर दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। कुछ समय बाद आरोपी ने शादी का प्रस्ताव रखा, जिसे महिला ने स्वीकार कर लिया।
शिकायत के मुताबिक 25 जुलाई 2025 को जालंधर के एक चर्च में दोनों ने विवाह किया। आरोप है कि शादी के बाद आरोपी महिला को पटियाला, राजपुरा और अंबाला कैंट सहित विभिन्न स्थानों पर ले जाता रहा, जहां उसने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला का कहना है कि वह खुद को आरोपी की वैध पत्नी मानती रही, इसलिए उसने इसका विरोध नहीं किया।
सच्चाई सामने आई, बढ़ी हिंसा
महिला का आरोप है कि दिसंबर 2025 में उसे पता चला कि आरोपी की पहली पत्नी जीवित है और दोनों के बीच तलाक भी नहीं हुआ है। जब उसने इस बारे में सवाल उठाया तो आरोपी का व्यवहार बदल गया। पीड़िता का आरोप है कि उसके साथ मारपीट की गई, गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
शिकायत के आधार पर 15 फरवरी 2026 को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। चूंकि कथित घटनाएं पंजाब में हुई हैं, इसलिए पूरा रिकॉर्ड संबंधित थाने को भेज दिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण शिमला में कराया गया है। शिमला पुलिस के अनुसार आगे की जांच पंजाब पुलिस द्वारा की जाएगी।