हिमाचल

150 मीटर गहरी खाई में गिरी THAR गाड़ी

हिमाचल प्रदेश की हसीन वादियां हर साल हजारों पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती हैं, लेकिन पहाड़ी रास्तों का जोखिम कई बार जानलेवा साबित हो जाता है। ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला में सामने आया, जहां घूमने आए चंडीगढ़ के एक दंपति की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। खुशियों से भरी यात्रा पलभर में मातम में बदल गई।

150 मीटर गहरी खाई में गिरी थार

यह हादसा शनिवार सुबह कुमारसैन क्षेत्र के जब्बलपुर के पास हुआ। बताया जा रहा है कि दंपति अपनी थार गाड़ी में सफर कर रहे थे, तभी वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 150 मीटर नीचे जाबल नाले में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि आसपास के लोगों ने जोरदार धमाके की आवाज सुनी और तुरंत मौके की ओर दौड़े।

स्थानीय लोगों ने जब दुर्घटनाग्रस्त वाहन तक पहुंचकर देखा तो चालक अंकुर राजपाल गाड़ी से बाहर छिटक चुके थे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं उनकी पत्नी अपराजिता वाहन के अंदर सीट बेल्ट में फंसी गंभीर हालत में थीं। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। पहले कोटगढ़ अस्पताल और बाद में आईजीएमसी शिमला रेफर किए जाने के दौरान ठियोग के पास उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना बताया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

बताया जा रहा है कि दंपति हिमाचल प्रदेश घूमने आए थे और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले रहे थे, लेकिन घुमावदार और चुनौतीपूर्ण पहाड़ी रास्ते उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन गए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *