मामा-मामी ने कर दी भांजे की ह*त्या! कमरे में मिली देह
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ठियोग क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। उपमंडल ठियोग के ग्राम जराई में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। युवक का शव कमरे में खून से लथपथ हालत में मिला, जबकि उसके साथ रह रहा परिवार घटना के बाद से लापता है।
कमरे में मिला युवक का शव
जानकारी के अनुसार गांव जराई निवासी बागवान जगदीश वर्मा शनिवार सुबह 28 फरवरी को अपने सेब के बगीचे में काम करने वाले मजदूरों के डेरे पर पहुंचे। वहां दोनों कमरे बंद मिले और अंदर से कोई हलचल नहीं हुई। जांच करने पर एक कमरा खाली मिला, जबकि दूसरे कमरे में युवक धनी राम खून से लथपथ फर्श पर पड़ा था। उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हत्या वारदात रात के समय अंजाम दी गई। शिकायतकर्ता के अनुसार डेरे में नेपाली मूल का सुरेश नामक व्यक्ति अपनी पत्नी कविता, तीन बेटियों और दो बेटों के साथ रहता था। उनके साथ सुरेश का भांजा धनी राम भी रह रहा था। लेकिन घटना के बाद से सुरेश, उसकी पत्नी और सभी बच्चे फरार हैं, जिससे उन पर हत्या का संदेह गहरा गया है।
हत्या के बाद परिवार सहित फरार
पुलिस के अनुसार संदिग्धों में सुरेश और उसकी पत्नी कविता के अलावा उनके पांच बच्चे भी शामिल हैं। वारदात के बाद सभी लोग इलाके से गायब हो गए। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ठियोग से निकलकर कोटखाई, रोहड़ू, कुमारसैन या चौपाल क्षेत्र की ओर भाग सकते हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना ठियोग पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से अलर्ट जारी कर आम जनता से सहयोग की अपील की है। पुलिस ने पहचान से जुड़े कुछ संकेत भी साझा किए हैं, जिनमें एक पुरुष और तीन बच्चों के सिर मुंडे होने की जानकारी शामिल है, ताकि उन्हें आसानी से पहचाना जा सके।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि इन व्यक्तियों के बारे में कोई भी सूचना मिले तो तुरंत थाना ठियोग के नंबर 01783-238205, 88947-28020, 70182-92221 पर संपर्क करें।
हत्या का मामला दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच की जिम्मेदारी थाना ठियोग के अधिकारी को सौंपी गई है। पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
इस सनसनीखेज वारदात ने शांत माने जाने वाले ठियोग क्षेत्र को झकझोर दिया है। ग्रामीणों में भय का माहौल है, वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि जनता के सहयोग से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस अब हत्याकांड के पीछे की असली वजह और पूरे घटनाक्रम की कड़ी जोड़ने में जुटी है।