कुल्लू से चिंताजनक मामला पिता की डांट के बाद 16 वर्षीय किशोर लापता
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक बेहद चिंताजनक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कराडसू क्षेत्र के सौर गांव से 16 वर्षीय किशोर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। बेटे के अचानक गायब होने से परिजन गहरे सदमे और चिंता में हैं।
लापता किशोर जमा एक कक्षा का छात्र है। परिजनों के अनुसार, कुछ दिन पहले उसके पास एक मोबाइल फोन मिला था, जिसको लेकर पिता ने उसे डांट लगाई थी। इसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा और घर के सदस्यों से बातचीत भी कम कर दी थी।
परिजनों ने बताया कि बीती 6 फरवरी की सुबह करीब 5 बजे किशोर बिना किसी को बताए घर से निकल गया और फिर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से आसपास के क्षेत्रों में उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया।
आखिरकार 7 फरवरी को लापता किशोर के पिता ने कुल्लू पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत दर्ज हुए तीन दिन बीत जाने के बावजूद अब तक किशोर का कोई पता नहीं चल पाया है।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि लापता किशोर की तलाश के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही किशोर के दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि किशोर को जल्द से जल्द सही-सलामत ढूंढ लिया जाएगा और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों से भी पुलिस को पूरा सहयोग देने की अपील की गई है।