चंबा में बड़ा हादसा टला सड़क धंसने से खाई के किनारे फंसी HRTC बस
हिमाचल प्रदेश के दुर्गम जिला चंबा में बड़ा हादसा टल गया। चंबा–तीसा मुख्य मार्ग पर सरेला के पास सड़क धंसने से यात्रियों से भरी HRTC बस गहरी खाई के बिल्कुल किनारे जा फंसी। बस में करीब 15 यात्री सवार थे, जिनकी जान कुछ देर के लिए खतरे में पड़ गई।
जानकारी के मुताबिक, HRTC की यह बस सुबह करीब 5 बजे सनवाल से पठानकोट के लिए रवाना हुई थी। सुबह लगभग 7 बजे सरेला क्षेत्र में अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिससे बस का पिछला टायर मलबे में फंस गया और बस एक ओर झुक गई। खाई की ओर झुकी बस को देखकर यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हालांकि, बस चालक ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए तुरंत ब्रेक लगाकर बस को नियंत्रित कर लिया। चालक की समझदारी से बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कई यात्री सदमे में थे और उनके हाथ-पैर कांप रहे थे।
बताया जा रहा है कि अगर सड़क कुछ इंच और धंस जाती, तो बस करीब 150 फीट गहरी खाई में गिर सकती थी। बस फंसे होने के कारण चंबा–तीसा मार्ग पर करीब सवा घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया। बाद में ट्रैक्टर की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बस को सुरक्षित स्थान पर निकाला गया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सरेला क्षेत्र लंबे समय से भूस्खलन और सड़क धंसने की समस्या से जूझ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन पर स्थायी समाधान न करने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
वहीं लोक निर्माण विभाग तीसा के अधिशाषी अभियंता जोगिंद्र शर्मा ने बताया कि सड़क धंसने की सूचना विभाग को मिल चुकी है और स्थान को सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। तब तक वाहन चालकों से इस मार्ग पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।