चंबा

हिमाचल में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला चंबा में गर्भवती पाई गई किशोरी

हिमाचल प्रदेश में महिलाओं और नाबालिग लड़कियों के खिलाफ बढ़ते अपराध चिंताजनक होते जा रहे हैं। देवभूमि कहे जाने वाले इस प्रदेश में एक बार फिर मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। चंबा जिले के चुराह क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी गर्भवती पाई गई है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, किशोरी को बीते कुछ दिनों से पेट दर्द की शिकायत थी। इस पर उसकी मां उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा लेकर पहुंची। अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने किशोरी के गर्भवती होने की पुष्टि की। यह सुनते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और जांच शुरू की। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में किशोरी से पूछताछ भी की है और आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और जांच तेजी से की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी की पहचान होते ही उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

यह मामला एक बार फिर समाज में नाबालिगों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *