हिमाचल

धर्मशाला में निजी होटल के कमरे से युवक का शव बरामद जांच में जुटी पुलिस

हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध पर्यटन नगरी धर्मशाला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक निजी होटल के कमरे में एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक युवक दिल्ली के रोहिणी क्षेत्र का रहने वाला था और अपने एक मित्र के साथ हिमाचल घूमने आया हुआ था। दोनों धर्मशाला के एक निजी होटल में ठहरे हुए थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात युवक ने शराब का सेवन किया था।

शनिवार सुबह जब काफी देर तक युवक के कमरे से कोई गतिविधि नहीं हुई, तो होटल स्टाफ को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोला, जहां युवक कमरे के अंदर अचेत अवस्था में पड़ा मिला।

युवक को तुरंत जोनल अस्पताल धर्मशाला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सुरिंद्र पाल सिंह गहलोत के रूप में हुई है।

चिकित्सकों की प्रारंभिक जांच में युवक की मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को दिल्ली में सूचना दे दी गई है।

मामले को लेकर ASP बीर बहादुर ने बताया कि यह एक संदिग्ध मौत का मामला है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। मृतक के मित्र और होटल स्टाफ के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, साथ ही होटल में ठहरने से लेकर अंतिम समय तक की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *