हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में बड़ा सड़क हादसा HRTC बस खाई में गिरी
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के कवानू क्षेत्र के पास मंगलवार सुबह हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस भीषण हादसे का शिकार हो गई। नेरवा–पांवटा साहिब मार्ग पर हुए इस हादसे में बस गहरी खाई में गिरते हुए नदी में जा समाई। दुर्घटना में बस के परखच्चे उड़ गए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की खबर है, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। वहीं कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
यह हादसा सुबह करीब 9:30 बजे हुआ। नेरवा डिपो की बस संख्या HP-66A-2588 चौपाल से पांवटा साहिब की ओर जा रही थी। इसी दौरान उत्तराखंड के कवानू क्षेत्र के पास बस अचानक अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में लुढ़कते हुए नदी में गिर गई। हादसे के समय बस में कुल 37 यात्री सवार थे।
दुर्घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बस में सवार यात्रियों की चीख-पुकार से पूरा क्षेत्र दहल उठा। घायल बस परिचालक ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। इसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद करते हुए कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही हिमाचल और उत्तराखंड पुलिस की टीमें तथा एसडीआरएफ मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं और सड़क व बस की तकनीकी स्थिति की जांच की जा रही है।
वहीं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों से तुरंत स्थिति की जानकारी ली और गंभीर रूप से घायलों को हेलिकॉप्टर के जरिए एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मार्ग पर संयम और सावधानी बरतें ताकि राहत और बचाव कार्य सुचारू रूप से चल सके। हादसे से जुड़ी पूरी जानकारी और घायलों की स्थिति को लेकर प्रशासन समय-समय पर अपडेट जारी करेगा।