चंबा में दर्दनाक हादसा गर्म पानी के टब में गिरने से 4 साल के मासूम की मौत
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। सलूणी उपमंडल के आडपा गांव में एक चार साल के मासूम बच्चे की गर्म पानी के टब में गिरने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा बीती 21 जनवरी को हुआ। चार साल का आरव घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान उसकी मां कपड़े धोने के लिए टब में गर्म पानी भरकर रखे हुए थी। खेलते-खेलते अचानक बच्चे का संतुलन बिगड़ गया और वह गर्म पानी से भरे टब में गिर गया।
गंभीर रूप से झुलसा मासूम
तेज गर्म पानी के संपर्क में आते ही मासूम बुरी तरह झुलस गया और जोर-जोर से रोने लगा। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे टब से बाहर निकालकर किहार अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
पीजीआई में डॉक्टरों की टीम ने बच्चे को बचाने की हर संभव कोशिश की, लेकिन उसकी हालत लगातार नाजुक बनी रही। करीब 15 दिनों तक चले इलाज के बाद मंगलवार को मासूम आरव ने दम तोड़ दिया।
गांव में पसरा मातम
मासूम की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। चार साल का आरव अपने माता-पिता और परिवार का बेहद लाडला था। उसकी असमय मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है। बच्चे के पिता सुभाष खेतीबाड़ी का काम करते हैं। बेटे की मौत से माता-पिता सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने दर्ज किए बयान
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी चंबा विजय सकलानी ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। प्रारंभिक जांच में यह मामला हादसा प्रतीत हो रहा है और फिलहाल किसी तरह की साजिश के संकेत नहीं मिले हैं।