गहरी खाई में गिरी बोलेरो के उड़े परखच्चे
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। पांवटा साहिब–शिलाई राष्ट्रीय राजमार्ग 707 पर चिलोन के पास कॉलेज छात्रों से भरी एक बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच छात्र-छात्राएं घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार सभी छात्र शिलाई और रोनहाट क्षेत्र के रहने वाले हैं और छात्र संगठन एसएफआई के बैनर तले नाहन में मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि जब बोलेरो वाहन सतौन से करीब चार किलोमीटर आगे चिलोन के पास पहुंचा, तभी अचानक चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और गाड़ी सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी।
जैसे ही हादसे की खबर आसपास के लोगों तक पहुंची, मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को खाई से बाहर निकालने में मदद की।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार हादसे में घायल पांचों छात्रों का प्राथमिक उपचार किया गया। घायलों में कार्तिका (22) निवासी रोनहाट, भारती (20) निवासी कीनू पनोग तहसील शिलाई, सलोनी (17) निवासी मानल डाकघर रोनहाट, पल्लवी (20) निवासी कुलह डाकघर जरवा तहसील शिलाई और सतीश निवासी रोनहाट शामिल हैं।
दुर्घटना में घायल पल्लवी और कार्तिका की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है। वहीं अन्य तीन घायलों का इलाज सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में जारी है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी राजबन की टीम भी मौके पर पहुंच गई और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार वाहन के अनियंत्रित होने से दुर्घटना हुई है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में चिंता का माहौल है और लोग घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।