हिमाचल

हिमाचल: माता-पिता की टूटी बुढ़ापे की लाठी

हिमाचल प्रदेश में लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और मानसिक तनाव के मामलों के बीच एक और दुखद घटना सामने आई है। इस बार मामला सोलन जिला के औद्योगिक क्षेत्र मानपुरा का है, जहां एक 20 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

मिली जानकारी के अनुसार, युवक एक निजी उद्योग में कार्यरत था और अपने परिवार के भरण-पोषण में अहम भूमिका निभा रहा था। वह अपने दो भाइयों के साथ कंपनी की आवासीय कॉलोनी में रहता था।

बताया जा रहा है कि घटना बीती रात की है, जब युवक के दोनों भाई ड्यूटी पर गए हुए थे और वह कमरे में अकेला था। इसी दौरान उसने यह कदम उठा लिया। घटना का पता चलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

युवक की असमय मौत से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पड़ोसी और रिश्तेदार भी इस घटना से स्तब्ध हैं।

उद्योग प्रबंधन ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए बताया कि मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दे दी गई थी। साथ ही कंपनी ने अंतिम संस्कार का पूरा खर्च वहन करने और परिवार को सभी देय लाभ देने की बात कही है।

वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जिसके बाद आज परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *