हिमाचल

ऊना में पंचायत सचिव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत शैड में फंदे से लटका मिला शव

 

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अंब क्षेत्र के लोअर अंदौरा में उस समय हड़कंप मच गया जब पंचायती राज विभाग में कार्यरत एक पंचायत सचिव का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और हैरानी का माहौल है।

मृतक की पहचान बुद्धि प्रकाश (48) पुत्र काली दास के रूप में हुई है। वह पंचायती राज विभाग में सचिव के पद पर कार्यरत थे और गगरेट ब्लॉक की बड़ोह पंचायत में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

जानकारी के अनुसार गुरुवार रात बुद्धि प्रकाश ने परिवार के साथ सामान्य रूप से भोजन किया और इसके बाद अपने कमरे में सोने के लिए चले गए। परिवार के सदस्यों के मुताबिक उस समय तक उनके व्यवहार में किसी तरह की असामान्यता नजर नहीं आई और घर का माहौल भी सामान्य था।

बताया जा रहा है कि देर रात के समय वह घर के पास बने शैड में चले गए, जहां उन्होंने लोहे के एंगल से रस्सी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।

शुक्रवार सुबह जब उनकी पत्नी की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि बुद्धि प्रकाश बिस्तर पर नहीं हैं। शुरुआत में उन्होंने सोचा कि वह रोज की तरह सुबह की सैर के लिए निकले होंगे और अपने घरेलू कामों में लग गईं।

इसी बीच सुबह करीब आठ बजे परिवार का एक सदस्य किसी काम से घर के पास बने शैड की ओर गया। वहां का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। शैड के लोहे के एंगल से रस्सी के सहारे बुद्धि प्रकाश का शव लटका हुआ था।

परिजनों ने तुरंत उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही अंब पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है।

प्रारंभिक जांच में मौके से किसी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिसके चलते आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

मृतक की पत्नी भी पंचायती राज विभाग के अंतर्गत लडोली पंचायत में ग्राम रोजगार सहायक (GRS) के पद पर कार्यरत हैं। परिजनों और परिचितों के अनुसार बुद्धि प्रकाश शांत स्वभाव के और अपने काम के प्रति जिम्मेदार व्यक्ति थे। उनके इस कदम से परिवार, सहकर्मी और क्षेत्र के लोग स्तब्ध हैं।

ASP ऊना सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *