हिमाचल

मोबाइल फोन को लेकर नाराज 13 वर्षीय बच्चे ने उठाया खौफनाक कदम

, बिलासपुर में शोक की लहर

माता-पिता अक्सर अपने बच्चों को गलती करने पर डांट-फटकार कर सही रास्ता दिखाने की कोशिश करते हैं, लेकिन कई बार बच्चे इस डांट को दिल से लगा लेते हैं और भावुक होकर गलत कदम उठा बैठते हैं। ऐसा ही एक बेहद दुखद मामला जिला बिलासपुर से सामने आया है, जहां मोबाइल फोन को लेकर नाराज एक 13 वर्षीय बच्चे ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला जिला बिलासपुर का है। बताया जा रहा है कि 13 वर्षीय सचिन अपनी मां से मोबाइल फोन लेने की जिद कर रहा था। इन दिनों बच्चों की परीक्षाएं चल रही थीं, इसलिए उसकी मां ने उसे पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह देते हुए मोबाइल देने से मना कर दिया।

बताया जा रहा है कि मोबाइल न मिलने से बच्चा नाराज हो गया और कुछ देर बाद अपने कमरे में चला गया। इसके बाद उसने अपनी मां की साड़ी को कमरे में लगे कुंडे से बांधकर फंदा लगा लिया।

काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आया तो परिजनों को शक हुआ। जब परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बच्चा फंदे से लटका हुआ था। परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारा और आनन-फानन में उपचार के लिए जिला अस्पताल बिलासपुर लेकर पहुंचे।

हालांकि अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक की पहचान 13 वर्षीय सचिन पुत्र सतवीर सिंह निवासी गांव मल्लपुर सिद्धारी, जिला मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सचिन इन दिनों अपनी पढ़ाई और परीक्षाओं की तैयारी को लेकर घर पर ही था।

उधर, आरएच अस्पताल बिलासपुर से थाना सदर पुलिस को सूचना दी गई कि एक बच्चे को अचेत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए हैं और बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद के बाद बच्चे ने यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *