मंडी

मंडी में महिलाओं के लापता होने के बढ़ते मामले तीन महीनों में 110 गायब

 

 

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक चिंताजनक तस्वीर सामने आ रही है। यहां पिछले तीन महीनों में 110 महिलाएं और युवतियां अचानक लापता हो गई हैं। इस घटनाक्रम ने न केवल परिवारों को चिंता में डाला है, बल्कि पूरे इलाके में असुरक्षा का माहौल भी पैदा कर दिया है।

हालांकि पुलिस की सक्रियता से अब तक 110 में से 86 महिलाओं को खोजकर उनके परिजनों के पास सुरक्षित पहुंचाया जा चुका है, लेकिन अभी भी 24 महिलाएं लापता हैं। इनकी तलाश के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।

जांच के दौरान सामने आया है कि कई महिलाएं राज्य से बाहर चली गई थीं। पुलिस ने उन्हें मध्य प्रदेश, दिल्ली और चंडीगढ़ जैसे स्थानों से बरामद किया है। वहीं, प्रदेश के भीतर भी बिलासपुर, कांगड़ा, शिमला और कुल्लू से कई महिलाओं को ट्रेस किया गया।

हाल के मामलों में मंडी शहर के एक निजी स्कूल की छात्रा को मध्य प्रदेश से बरामद किया गया, जबकि उसी स्कूल की एक अन्य छात्रा को पहले दिल्ली से वापस लाया गया था। गोहर क्षेत्र से अपने दो साल के बच्चे के साथ लापता हुई महिला चंडीगढ़ में मिली, वहीं जोगिंद्रनगर से गायब दो बच्चियों को कांगड़ा से खोज निकाला गया।

सबसे अधिक मामले गोहर, जंजैहली और सुंदरनगर क्षेत्रों से सामने आए हैं। इसके अलावा सदर थाना, महिला थाना, पंडोह चौकी और सरकाघाट सहित शहरी इलाकों में भी ऐसे मामले लगातार दर्ज हो रहे हैं।

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने हर थाना स्तर पर विशेष टीमें गठित की हैं, जो तकनीकी सहायता और सर्विलांस के जरिए लापता महिलाओं की तलाश में जुटी हैं।

मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि हर शिकायत को गंभीरता से लिया जा रहा है और स्वयं वह इस पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

लगातार बढ़ते इन मामलों ने सामाजिक स्तर पर भी चिंता बढ़ा दी है। गांवों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग इसके पीछे के कारणों को लेकर अलग-अलग कयास लगा रहे हैं। हालांकि इन घटनाओं की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ पाएगी।

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *