देवभूमि हिमाचल की छवि पर सवाल सुंदरनगर जलाशय में आपत्तिजनक हरकत का वीडियो वायरल
देवभूमि कहे जाने वाले हिमाचल प्रदेश की पहचान उसकी प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ उच्च नैतिक मूल्यों और संस्कारों के लिए रही है। यहां की वादियों में जहां एक ओर प्रकृति की पवित्रता बसती है, वहीं लोगों के जीवन में सामाजिक मर्यादा और संस्कार भी गहराई से जुड़े रहे हैं।
लेकिन मंडी जिले के सुंदरनगर से सामने आई एक घटना ने इस छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह घटना न केवल शर्मनाक बताई जा रही है, बल्कि यह भी सोचने पर मजबूर करती है कि क्या समाज में धीरे-धीरे संस्कारों और सामाजिक मर्यादाओं का क्षरण हो रहा है।
जानकारी के अनुसार सुंदरनगर स्थित बीएसएल जलाशय के किनारे एक युवक और युवती की आपत्तिजनक हरकतों का वीडियो इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। बताया जा रहा है कि किसी व्यक्ति ने इस घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद यह वीडियो तेजी से लोगों के बीच वायरल हो गया।
यह जलाशय क्षेत्र सुंदरनगर का एक प्रमुख पर्यटन स्थल माना जाता है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, परिवार और पर्यटक सैर-सपाटे के लिए पहुंचते हैं। ऐसे सार्वजनिक स्थान पर इस प्रकार की गतिविधि सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जलाशय के किनारे एक मोटरसाइकिल खड़ी थी, जिस पर हेलमेट रखा हुआ था। उसी वाहन के पीछे युवक और युवती बैठे थे और आपत्तिजनक हरकतें कर रहे थे। घटना का वीडियो सामने आने के बाद कई लोगों ने इसे सार्वजनिक स्थानों की मर्यादा के खिलाफ बताया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जहां परिवार और छोटे बच्चे घूमने आते हैं, वहां इस तरह का व्यवहार समाज के लिए गलत संदेश देता है। इस घटना को लेकर सुंदरनगर के कई सामाजिक संगठनों और प्रबुद्ध नागरिकों ने भी चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि ऐसी घटनाएं क्षेत्र की छवि को प्रभावित करती हैं और युवाओं के सामने गलत उदाहरण पेश करती हैं।
लोगों ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान दें और उन्हें सामाजिक जिम्मेदारी, संस्कार और मर्यादा का महत्व समझाएं।
वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से भी जलाशय क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि यहां अक्सर युवाओं की भीड़ रहती है, इसलिए नियमित पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाना आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
इस मामले पर सुंदरनगर के उप पुलिस अधीक्षक भारत भूषण ने बताया कि उन्हें भी इस घटना की जानकारी लोगों के माध्यम से मिली है। उन्होंने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जलाशय तथा आसपास के सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए जाएंगे।
पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी संदिग्ध या अनुचित गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।