हिमाचल

सोलन डबल डेथ केस का खुलासा: हत्या के बाद युवक ने की आत्महत्या

 

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में जंगल के बीच युवक और युवती के संदिग्ध हालात में मिले शवों के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। शुरुआती तौर पर रहस्य बने इस केस में अब जांच के बाद सच्चाई सामने आ गई है।

यह घटना 16 मार्च 2026 की है, जब भोजनगर गांव के समीप करालघाट देवता मंदिर के पास जंगल में एक युवक पेड़ से लटका मिला था, जबकि पास ही जमीन पर युवती का शव लहूलुहान हालत में पड़ा था। दोनों की अलग-अलग स्थिति ने मामले को और भी संदिग्ध बना दिया था।

जांच में सामने आया है कि युवक ने युवती को मिलने के लिए जंगल में बुलाया था। युवती अपने घरवालों से सहेली से मिलने का बहाना बनाकर वहां पहुंची थी। बताया जा रहा है कि युवक ने इस मुलाकात की जानकारी अपने कुछ दोस्तों को पहले ही दे दी थी।

जंगल में मुलाकात के दौरान युवक ने युवती पर शादी का दबाव बनाया, लेकिन युवती इसके लिए तैयार नहीं हुई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो इतना बढ़ गया कि युवक ने गुस्से में युवती का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी युवक ने खुद भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

एसपी सोलन टीएसडी वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यही तथ्य सामने आए हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब एक वाहन चालक मंदिर में दर्शन के लिए रुका। उसकी नजर जंगल की ओर पड़ी, जहां उसने युवक को पेड़ से लटका देखा। पास जाकर देखने पर उसने युवती का शव भी जमीन पर पड़ा पाया, जिसके नाक और मुंह से खून निकल रहा था। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही परवाणू पुलिस और डीएसपी टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतकों की पहचान 22 वर्षीय करण (निवासी खील को मोड़, सोलन) और 20 वर्षीय याशिका लामा (निवासी देउंघाट, मूल रूप से नेपाल) के रूप में हुई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है, ताकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *