किन्नौर में दर्दनाक हादसा: खाई में लटकती कार से कूदे वकील नदी में गिरने से मौत
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक व्यक्ति की जान उस समय चली गई जब उसकी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर निकल गई। जान बचाने के लिए चालक ने कार से छलांग लगा दी, लेकिन दुर्भाग्यवश वह नीचे बह रही नदी में गिर गया और उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर को रिकांगपिओ–पांगी नेशनल हाईवे पर पांगी गेट के पास यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि वाहन का संतुलन अचानक बिगड़ गया, जिससे कार के अगले दोनों टायर सड़क से बाहर निकल गए और गाड़ी खाई की ओर हवा में लटक गई।
स्थिति को बेहद खतरनाक देखते हुए कार चालक ने अपनी जान बचाने के लिए तुरंत गाड़ी से छलांग लगा दी। हालांकि, नीचे गहरी खाई में बह रही नदी में गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और बचाव दल को खबर दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद नदी से शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ भेजा गया।
मृतक की पहचान प्रदीप कुमार के रूप में हुई है, जो पेशे से अधिवक्ता थे और पांगी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है।