पहले ही दिन स्कूल बस के नीचे आईं दो मासूम बहनें एक की थम गई सांसें
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। नए शैक्षणिक सत्र के पहले ही दिन स्कूल गई दो मासूम सगी बहनें अपने ही स्कूल की बस की चपेट में आ गईं। इस हादसे में एक तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी बड़ी बहन अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।
जानकारी के मुताबिक यह घटना ऊना के रक्कड़ कॉलोनी के पास रैंसरी क्षेत्र की है। दोनों बच्चियां रक्कड़ कॉलोनी स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ती थीं और सोमवार को नए सत्र के पहले दिन उत्साह के साथ स्कूल गई थीं।
स्कूल की छुट्टी के बाद जब बस बच्चों को घर के पास उतारकर आगे बढ़ने लगी, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि बच्चियों को बस से उतारने के बाद चालक वाहन को पीछे की ओर मोड़ रहा था। इसी दौरान दोनों मासूम बस के बेहद करीब आ गईं और देखते ही देखते बस की चपेट में आ गईं।
कुछ ही पलों में खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों बच्चियों को उठाकर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीन वर्षीय आश्वि की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए चंडीगढ़ रेफर कर दिया, लेकिन दुर्भाग्य से अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं पांच वर्षीय बड़ी बहन प्रिशा का इलाज फिलहाल क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में जारी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे रैंसरी और आसपास के इलाकों में शोक की लहर है। सुबह जिन मासूम बच्चियों को खुशी-खुशी स्कूल जाते देखा गया था, शाम होते-होते उसी परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने स्कूल बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि बच्चों की सुरक्षा में थोड़ी सी लापरवाही भी कितनी बड़ी त्रासदी बन सकती है।