हिमाचल में बदला मौसम: एक हफ्ते तक खराब हालात बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है और आने वाले दिनों में राहत मिलने की उम्मीद बेहद कम नजर आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम खराब बना रहेगा, जिससे जनजीवन पर व्यापक असर पड़ सकता है।

आज और कल भारी बारिश-ओलावृष्टि की चेतावनी
मौसम विभाग ने आज और कल के लिए राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इन इलाकों में तेज तूफान के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
8 अप्रैल तक बिगड़े रहेंगे मौसम के तेवर
पूर्वानुमान के मुताबिक 8 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम लगातार खराब बना रहेगा। हालांकि 5 से 7 अप्रैल के बीच कोई औपचारिक चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन इन दिनों भी मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा। 8 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ के और अधिक सक्रिय होने की संभावना है, जिसके चलते फिर से भारी बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
मौसम को देखते हुए लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है, खासकर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने से परहेज करने को कहा गया है। लाहौल-स्पीति प्रशासन ने एहतियात के तौर पर अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों पर अस्थायी रोक लगा दी है। प्रशासन के अनुसार यह क्षेत्र हिमस्खलन और मलबा गिरने के लिहाज से बेहद संवेदनशील बना हुआ है।

तापमान में गिरावट, ठंड का असर बरकरार
लगातार बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। आने वाले दिनों में तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। अप्रैल में आमतौर पर गर्मी की शुरुआत हो जाती है, लेकिन इस बार ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड का असर अभी भी कायम है।
किसानों-बागवानों की बढ़ी चिंता
इस बदलते मौसम ने किसानों और बागवानों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। इस समय प्रदेश में सेब की फसल में फूल आने का दौर चल रहा है, जो बेहद संवेदनशील अवस्था होती है। लगातार बारिश और ओलावृष्टि के कारण फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। कई क्षेत्रों से बागों में ओलों से नुकसान की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे बागवानों को आर्थिक नुकसान का डर सता रहा है।