हिमाचल

सतलुज में कूदी महिला

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से पुलिस का एक बेहद मानवीय और साहसिक चेहरा सामने आया है, जिसने खाकी वर्दी के प्रति लोगों का भरोसा और भी मजबूत कर दिया है।

सैल्यूट हिमाचल पुलिस

हिमाचल प्रदेश पुलिस के जवानों की बहादुरी इन दिनों हर तरफ चर्चा में है। रामपुर बुशहर के वजीर बावड़ी पुल के पास पुलिस टीम ने अपनी जान जोखिम में डालकर एक महिला को मौत के मुंह से बचा लिया।

जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना रामपुर को सूचना मिली थी कि एक महिला संदिग्ध हालत में पुल के पास घूम रही है और किसी भी वक्त सतलुज नदी में छलांग लगा सकती है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

नदी में कूदी महिला, पुलिस ने दिखाई बहादुरी

जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो महिला नदी किनारे खतरनाक स्थिति में बैठी थी। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन अचानक महिला ने उफनती सतलुज नदी में छलांग लगा दी।

महिला को तेज बहाव में बहता देख आरक्षी सतपाल ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी। ठंडे पानी और तेज धारा के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और काफी मशक्कत के बाद महिला तक पहुंच गए। इसी दौरान महिला आरक्षी शीतल ने भी सूझबूझ दिखाते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन में अहम भूमिका निभाई।

दोनों जवानों की बहादुरी और टीमवर्क से महिला को सुरक्षित नदी किनारे लाया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस के इस साहसिक कदम की जमकर सराहना की।

अस्पताल में उपचार जारी

रेस्क्यू के तुरंत बाद महिला को खनेरी नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।

कारणों की जांच जारी

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला ने ऐसा कदम क्यों उठाया। पुलिस उसके परिजनों से संपर्क करने और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। शुरुआती आशंका पारिवारिक तनाव या मानसिक दबाव की जताई जा रही है।

यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि खाकी सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर मानवता की सबसे बड़ी मिसाल भी बनती है। रामपुर पुलिस के इन जांबाज जवानों का यह साहसिक कदम न सिर्फ एक जीवन बचाने में सफल रहा, बल्कि समाज में पुलिस की सकारात्मक छवि को भी और मजबूत कर गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *