हिमाचल

हवा में लटकी यात्रियों से भरी HRTC बस- पहाड़ी से गिरा मलबा

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

भरमौर उपमंडल के दुर्गम कुगती-हडसर-भरमौर मार्ग पर आज सुबह करीब 9 बजे यात्रियों से भरी HRTC बस पर अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और पत्थर गिर गए। मलबा गिरते ही बस असंतुलित होकर सड़क के किनारे जा पहुंची और एक तरफ से हवा में लटक गई।

बस में महिलाओं और स्कूली बच्चों समेत करीब 10 से 15 लोग सवार थे। बस के हवा में लटकते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हालांकि, इस खतरनाक स्थिति में बस चालक ने सूझबूझ और हिम्मत का परिचय दिया। चालक ने तुरंत ब्रेक लगाकर बस को आगे खिसकने से रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों और चालक की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ।

हादसे के बाद कुछ समय तक कुगती-हडसर-भरमौर मार्ग पर यातायात बाधित रहा। सड़क पर गिरे मलबे को हटाने के बाद ही रास्ता बहाल किया जा सका।

बताया जा रहा है कि पिछले 12 घंटों से क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही थी, जिसके कारण भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान केवल जरूरी काम से ही बाहर निकलें और पहाड़ी इलाकों में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतें।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *