देवभूमि में मातम: कुफरी में मामूली विवाद ने ली युवक की जान
देवभूमि में मातम: कुफरी में मामूली विवाद ने ली युवक की जान, दोस्त ने की हत्या
देवभूमि हिमाचल प्रदेश में साल 2026 की शुरुआत के साथ ही मातम का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते महज 15 दिनों में प्रदेश में सड़क हादसों, आग की घटनाओं, हत्या और दुष्कर्म जैसे मामलों में तेजी से इजाफा हुआ है। इन घटनाओं में अब तक करीब 80 लोगों की जान जा चुकी है। शांत वादियों के लिए पहचाने जाने वाले हिमाचल की फिज़ा एक बार फिर सिहर उठी है।
ताजा मामला राजधानी शिमला के पर्यटन स्थल कुफरी से सामने आया है, जहां मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। एक ही कमरे में रहने वाले दो युवकों के बीच हुए विवाद में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
यह घटना शिमला के ढली थाना क्षेत्र के अंतर्गत पीएचसी कुफरी के पास की है। बुधवार रात एक कमरे में रहने वाले दो दोस्तों की जिंदगी अचानक बदल गई। मृतक की पहचान राजकुमार के रूप में हुई है, जबकि आरोपी युवक भानु भक्त बताया जा रहा है। दोनों ही नेपाल के मूल निवासी थे और रोज़गार की तलाश में शिमला आए थे। वे कुफरी में एक स्थानीय ठेकेदार के पास मजदूरी करते थे और लंबे समय से एक ही कमरे में रह रहे थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना वाली रात दोनों ने साथ में खाना खाया था। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन किसी बात को लेकर अचानक दोनों के बीच बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ी कि वह हाथापाई में बदल गई। झगड़े के दौरान भानु भक्त ने राजकुमार के सिर पर वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से राजकुमार मौके पर ही गिर पड़ा।
कमरे से आ रही चीख-पुकार और लड़ाई की आवाजें सुनकर पड़ोस में रहने वाले नेपाल निवासी भगत शाही मौके पर पहुंचे। दरवाजा खोलते ही अंदर का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। भगत शाही के अनुसार, राजकुमार बिस्तर पर पड़ा था और उसके सिर से लगातार खून बह रहा था, जबकि भानु भक्त भी घायल अवस्था में कमरे में मौजूद था।
आनन-फानन में दोनों को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला (IGMC) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद राजकुमार को मृत घोषित कर दिया। आरोपी भानु भक्त का इलाज और मेडिकल परीक्षण कराया गया है। झगड़े के दौरान उसे भी चोटें आई थीं।
घटना की सूचना मिलते ही ढली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। भगत शाही के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। यह केस भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत दर्ज किया गया है, जो पहले भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 302 के अंतर्गत आता था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है कि आखिर वह कौन-सी बात थी जिसने दो दोस्तों को एक-दूसरे के खिलाफ इस हद तक हिंसक बना दिया।