बिलासपुर में सनसनीखेज हत्या घर के टैंक से महिला का शव बरामद
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कोसरियां गांव में एक किराए के मकान के साथ बने टैंक से 36 वर्षीय महिला का शव बरामद किया गया है। घटना के बाद से महिला का पति और उसके दो देवर मौके से फरार हैं, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया है।
मृतका की पहचान गुड़िया देवी के रूप में हुई है, जो अपने पति गोविंद राम और उसके दो भाइयों के साथ इस मकान में किराए पर रहती थी। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कर शव को टैंक में छिपाया गया, ताकि लंबे समय तक घटना का खुलासा न हो सके।
दुर्गंध से हुआ मामले का खुलासा
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह घर के आसपास से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब घर की तलाशी ली, तो घर के साथ बने टैंक के अंदर से महिला का शव बरामद किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना के बाद से गोविंद राम और उसके दोनों भाई—बंसी चौहान और गुड्डू—लापता हैं। पुलिस को शक है कि तीनों ने मिलकर महिला की हत्या की और सबूत मिटाने के इरादे से शव को टैंक में छिपाया।
इलाके में दहशत, फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
महिला का शव मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मौके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिससे मौत के सही कारण और समय का पता चल सके।
परिजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना मिलने पर मृतका का भाई सुखवीर चौहान, जो मूल रूप से झारखंड का निवासी है और वर्तमान में झंडूता में रह रहा है, मौके पर पहुंचा। उसने बहन की हत्या की आशंका जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
कई एंगल से जांच जारी
फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस पारिवारिक विवाद, आपसी तनाव समेत कई पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हत्या के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।