हिमाचल

दहेज की मांग ने ली एक और बेटी की जान शादी के एक साल बाद नवविवाहिता ने की आत्महत्या

कम उम्र में शादी और दहेज की मांगों का दबाव… एक बार फिर यह कड़वा सच समाज के सामने आ खड़ा हुआ है। पंजाब के समाना शहर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां महज 18 वर्षीय नवविवाहिता ने कथित दहेज प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली।

मृतका मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ क्षेत्र की रहने वाली थी। करीब एक वर्ष पहले उसकी शादी हरियाणा के कैथल निवासी युवक से हुई थी। शादी के बाद युवक समाना में अपनी नानी के घर रह रहा था, और वहीं यह दर्दनाक घटना घटी।

बताया जा रहा है कि युवती ने घर के अंदर फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच के तहत पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए हैं।

घटना की खबर मिलते ही मृतका के परिजन नालागढ़ से समाना पहुंचे। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

परिजनों के अनुसार, युवती को लगातार ताने दिए जाते थे और उसे सम्मानपूर्वक नहीं रखा जाता था। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि पति उसकी चरित्र पर शक करता था, जिससे वह गहरे मानसिक तनाव में रहने लगी थी। कई बार समझाने के बावजूद ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला और आखिरकार युवती ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतका के पति, सास, ससुर सहित चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। समाजसेवी संगठनों ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दहेज प्रथा जैसी कुप्रथा के खिलाफ सख्त कदम उठाने की अपील की है।

पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जांच पूरी पारदर्शिता से की जाएगी और यदि आरोप सही पाए गए तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। वहीं, मृतका के परिजनों का कहना है कि वे अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए हर संभव लड़ाई लड़ेंगे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *