कांगड़ा में सनसनी: स्कूल में मिड-डे मील कर्मी की दराती से हत्या
, बच्चों के सामने वारदात
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। देहरा उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत चनौर स्थित सरकारी प्राइमरी स्कूल में मिड-डे मील बना रही महिला कर्मचारी की अज्ञात हमलावर ने दराती से हमला कर निर्मम हत्या कर दी।
घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है। मृतका की पहचान 58 वर्षीय सुलोचना देवी पत्नी विशंभर दास निवासी चनौर के रूप में हुई है, जो स्कूल में मिड-डे मील वर्कर के तौर पर कार्यरत थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय जब बच्चे कक्षाओं में थे और रसोई में मिड-डे मील की तैयारी चल रही थी, तभी एक अज्ञात व्यक्ति स्कूल परिसर में घुस आया और सुलोचना देवी पर दराती से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर सेंटर हेड टीचर सरिता देवी मौके पर पहुंचीं, जहां उन्होंने हमलावर को वार करते हुए देखा।
घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षकों ने सूझबूझ दिखाते हुए सबसे पहले बच्चों को सुरक्षित कमरों में बंद किया। जब शिक्षकों ने आरोपी को रोकने की कोशिश की तो वह उनकी ओर भी दराती लहराने लगा। शोर सुनकर पास के सीनियर सेकेंडरी स्कूल के शिक्षक भी मौके पर पहुंचे और पत्थर मारकर आरोपी को भगाने का प्रयास किया, जिसके बाद वह फरार हो गया।
सूचना मिलते ही डाडासीबा पुलिस टीम तुरंत स्कूल पहुंची। गंभीर रूप से घायल सुलोचना देवी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। हालांकि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शक एक पड़ोसी पर जताया जा रहा है। आरोपी की पहचान अभी आधिकारिक तौर पर नहीं हुई है।
डाडासीबा के डीएसपी राजकुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि विशेष टीमों का गठन कर आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।