हिमाचल: दोस्तों की आंखों के सामने खड्ड में डूबा युवक
हिमाचल प्रदेश में गर्मी का मौसम शुरू होते ही लोग राहत पाने के लिए नदी-नालों और खड्डों का रुख करने लगते हैं। लेकिन कई बार यह लापरवाही जानलेवा साबित हो जाती है। ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला मामला राजधानी शिमला के रामपुर क्षेत्र से सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, रामपुर के मछाड़ा खड्ड के पास बद्रश इलाके में दोस्तों के साथ नहाने गए एक युवक के डूबने की खबर है। युवक की पहचान 34 वर्षीय अभिषेक रॉयल, पुत्र जगदीश रॉयल, निवासी वीपीओ जरोल, उपतहसील कोटगढ़, जिला शिमला के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि अभिषेक अपने पांच दोस्तों के साथ मछाड़ा खड्ड में नहाने गया था। सभी युवक खड्ड में पानी का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान अचानक अभिषेक का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी की ओर बह गया।
दोस्तों के सामने ही अभिषेक तेज बहाव में फंस गया। साथियों ने तुरंत उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वे उसे बाहर नहीं निकाल पाए। कुछ ही पलों में युवक पानी में डूब गया और नजरों से ओझल हो गया।
घटना के बाद घबराए दोस्तों ने तुरंत स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी गई है।
हालांकि खड्ड में पानी का स्तर ज्यादा होने और तेज बहाव के कारण सर्च ऑपरेशन में काफी दिक्कतें आ रही हैं। देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम को भी सूचना दे दी है। विशेष उपकरणों और प्रशिक्षित जवानों की मदद से युवक की तलाश के लिए अभियान चलाया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि जब तक युवक का पता नहीं चलता, तब तक सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में चिंता और शोक का माहौल है। वहीं युवक के परिजनों को भी इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में नदी-नालों और खड्डों में नहाते समय सावधानी बरतें, क्योंकि तेज बहाव कई बार जानलेवा साबित हो सकता है।