24 वर्षीय लापता बेटी की तलाश में भटक रहा था परिवार ब्यास में मिली देह
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां ब्यास नदी से 24 वर्षीय युवती का शव बरामद हुआ है। युवती पिछले कुछ दिनों से घर से लापता बताई जा रही थी।
मृतका की पहचान मोनिका (24) पुत्री पवन कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक 3 मार्च को युवती के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस चौकी आलमपुर में दर्ज करवाई थी। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे और उसके सुरक्षित घर लौटने की उम्मीद लगाए बैठे थे।
इसी बीच बुधवार को कुछ स्थानीय लोगों ने ब्यास नदी में एक शव को तैरता हुआ देखा। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना थाना सुजानपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राकेश धीमान के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
सुजानपुर और आलमपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार रात को ही नदी किनारे तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन अंधेरा और नदी में तेज बहाव होने के कारण शव को बाहर नहीं निकाला जा सका।
इसके बाद गुरुवार सुबह रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया गया और नदी में दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद टीम ने ब्यास नदी से शव को बाहर निकाल लिया।
शव मिलने के बाद पुलिस ने युवती के परिजनों को मौके पर बुलाया, जहां उन्होंने उसकी पहचान मोनिका के रूप में की।
थाना प्रभारी राकेश धीमान ने बताया कि मृतका की गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही पुलिस चौकी आलमपुर में दर्ज थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोनिका अपनी नानी के पास भेड़ी क्षेत्र में रहती थी और उसने एमएससी तक की पढ़ाई पूरी की थी।
पुलिस के अनुसार युवती पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और डिप्रेशन से जूझ रही थी। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है।