कांगड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा: बाइक और HRTC बस की टक्कर में दो युवकों की मौत
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के देहरा में शनिवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। इस भीषण दुर्घटना में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। दोनों युवक एक ही गांव के रहने वाले थे और उनकी उम्र करीब 22 और 23 साल बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-503 पर देहरा के पास निर्माणाधीन केंद्रीय विश्वविद्यालय के नजदीक हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों युवक पल्सर बाइक पर सवार होकर देहरा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही हिमाचल पथ परिवहन निगम यानी एचआरटीसी की बस से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे सिविल अस्पताल देहरा पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी भी जान नहीं बच सकी।
बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए दोनों युवक देहरा क्षेत्र के कनोल गांव के निवासी थे। जैसे ही इस दुखद घटना की खबर गांव पहुंची, पूरे इलाके में मातम का माहौल छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बस चालक राकेश कुमार के अनुसार वह होशियारपुर से धर्मशाला की ओर जा रहा था। देहरा से करीब तीन किलोमीटर आगे वह एक स्कूल बस को ओवरटेक कर रहा था। तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही बाइक अचानक बस के सामने आ गई और सीधी टक्कर हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही देहरा पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर लगे जाम को खुलवाया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि देहरा क्षेत्र में पिछले 15 दिनों के भीतर यह तीसरा बड़ा सड़क हादसा है। लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोग चिंता जता रहे हैं और तेज रफ्तार को इसका मुख्य कारण मान रहे हैं।