हिमाचल

हिमाचल बोर्ड परीक्षा में गुरुजी का कारनामा : छात्रों को लिखवा रहे थे जवाब

हिमाचल प्रदेश में बोर्ड परीक्षाओं के दौरान सामूहिक नकल का एक और मामला सामने आने से शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। चंबा के बाद अब कांगड़ा जिले के जवाली में बने एक परीक्षा केंद्र में अनियमितताओं की शिकायत मिलने के बाद हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने सख्त कार्रवाई करते हुए इस परीक्षा केंद्र को रद्द कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, बोर्ड परीक्षाओं के दौरान शिक्षा बोर्ड को शिकायत प्राप्त हुई थी कि जवाली स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के परीक्षा केंद्र में परीक्षा नियमों का उल्लंघन हो रहा है। शिकायत के साथ कुछ वीडियो क्लिप भी बोर्ड मुख्यालय को भेजी गई थीं।

सामने आए एक वीडियो में परीक्षा हॉल के अंदर एक शिक्षक विद्यार्थियों को बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर बोलकर बताते हुए दिखाई दे रहा है। यह वीडियो सामने आने के बाद मामला गंभीर हो गया और शिक्षा बोर्ड ने तुरंत जांच के आदेश जारी कर दिए।

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि शिकायत मिलते ही बोर्ड ने मामले को गंभीरता से लिया है। पूरे प्रकरण की जांच के लिए जवाली के एसडीएम को जिम्मेदारी सौंपी गई है और उनसे जल्द से जल्द विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा गया है।

बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि परीक्षा में नकल जैसी घटनाएं उन विद्यार्थियों के साथ अन्याय हैं जो ईमानदारी से परीक्षा देते हैं। ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

तत्काल प्रभाव से जवाली के इस परीक्षा केंद्र को रद्द कर दिया गया है। अब इस केंद्र के सभी परीक्षार्थियों को अपनी आगामी परीक्षाएं नजदीकी मटलाहड़ स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में देनी होंगी।

इसके अलावा परीक्षा केंद्र पर तैनात समन्वयक, केंद्र अधीक्षक और उप अधीक्षक के खिलाफ भी विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। शिक्षा बोर्ड ने इस संबंध में शिक्षा विभाग को पत्र लिखकर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *