हिमाचल

किराए के कमरे में रहने वाले युवक की सड़क किनारे मिली देह- चेहरे पर मिले चोट के निशान

 

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक प्रवासी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है।

यह मामला बिलासपुर शहर के पास स्थित कुनाला इलाके का है, जहां युवक का शव सड़क किनारे संदिग्ध हालत में पड़ा मिला।

बताया जा रहा है कि युवक के साथियों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक युवक की पहचान ललटू कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के सहारसा जिले के मोहम्मदपुर गांव का रहने वाला था। वह रोज़गार की तलाश में हिमाचल आया था और बिलासपुर में दिहाड़ी-मजदूरी कर रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक के चेहरे पर चोट के निशान थे। उसकी नाक से खून बह रहा था और होंठ और ठोड़ी पर भी गहरी चोटें पाई गई हैं।

ललटू कुमार के साथ रहने वाले उसके साथी धनेश्वर यादव और संतोष कुमार ने बताया कि सभी एक ठेकेदार के साथ काम करते थे और किराए के मकान में रहते थे।

उन्होंने पुलिस को बताया कि जब ललटू कुमार देर रात तक काम से वापस नहीं लौटा, तो वे उसकी तलाश में निकले। इसी दौरान वह कुनाला इलाके में सड़क किनारे मुंह के बल गिरा हुआ मिला।

इसके बाद ठेकेदार के बेटे की गाड़ी से उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

फिलहाल, साथियों ने किसी पर भी संदेह नहीं जताया है। पुलिस का कहना है कि पहली नजर में मामला सड़क पर गिरने से मौत का लग रहा है, लेकिन असली कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

इस मामले की पुष्टि संदीप धवल ने की है। उन्होंने बताया कि थाना सदर पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ललटू कुमार सड़क पर इस हालत में कैसे पहुंचा? क्या यह सिर्फ एक हादसा है या इसके पीछे कोई और वजह छिपी है?

इसका जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आ पाएगा।

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *