हमीरपुर में शर्मनाक मामला: श्मशानघाट में आपत्तिजनक हालत में मिला प्रेमी जोड़ा
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सामाजिक मर्यादाओं और सार्वजनिक स्थलों की गरिमा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नादौन क्षेत्र में स्थित एक श्मशानघाट में प्रेमी जोड़े को आपत्तिजनक हालत में पकड़े जाने के बाद इलाके में भारी रोष का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, नादौन शहर के एक सरकारी कार्यालय में मजदूर के तौर पर कार्यरत व्यक्ति काफी समय से एक महिला के साथ श्मशानघाट के रेन शेल्टर में बैठा हुआ था। यह स्थान सुनसान होने के कारण दोनों वहां पहुंचे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे कुछ स्थानीय लोगों को संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। जब लोगों ने पास जाकर देखा तो दोनों आपत्तिजनक अवस्था में मिले।
यह दृश्य देखकर स्थानीय लोग भड़क उठे। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों की वीडियो बना ली और उन्हें वहीं पकड़ लिया। अचानक लोगों से घिर जाने पर प्रेमी जोड़ा घबरा गया और हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा। काफी देर तक हंगामा चलता रहा, जिसके बाद लोगों ने चेतावनी देकर दोनों को वहां से जाने दिया।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि श्मशानघाट जैसे संवेदनशील और अंतिम संस्कार से जुड़े पवित्र स्थल पर इस तरह की हरकत किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जा सकती। ग्रामीणों ने चिंता जताई कि ऐसी घटनाओं का युवा पीढ़ी पर गलत प्रभाव पड़ सकता है।
मामले की चर्चा पूरे क्षेत्र में फैल गई है और लोग सार्वजनिक तथा धार्मिक महत्व के स्थानों पर बढ़ती अनुशासनहीनता को लेकर चिंता जता रहे हैं। घटना से जुड़ी वीडियो क्लिप भी इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन से निगरानी बढ़ाने और सख्त कदम उठाने की मांग की है।