हिमाचल

मंडी से रहस्यमयी गुमशुदगी का मामला दो बच्चों को छोड़ लापता हुई महिला

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बल्ह थाना क्षेत्र के मंदिर टांडा इलाके की 32 वर्षीय महिला संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक लापता हो गई। महिला अपने दो छोटे बच्चों को घर में अकेला छोड़कर कहीं चली गई, जिसके बाद पूरे इलाके में चिंता और दहशत का माहौल है।

परिजनों ने आशंका जताई है कि महिला ने सुंदरनगर स्थित बीबीएमबी बीएसएल नहर में छलांग लगा ली हो सकती है। इस संबंध में परिवार ने पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

महिला के अचानक गायब होने से परिवार सदमे में है। उसके 7 वर्षीय बेटे और 10 वर्षीय बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों मासूम अपनी मां के लौटने का इंतजार कर रहे हैं, जिससे गांव का माहौल भी बेहद भावुक हो गया है।

परिजनों के अनुसार तारा देवी 26 मई की रात से घर से लापता हैं। शुरुआती स्तर पर परिवार ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर पुलिस की मदद ली गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने सुंदरनगर स्थित बीएसएल जलाशय क्षेत्र में एनडीआरएफ की टीम तैनात की। गोताखोरों और जवानों ने आधुनिक उपकरणों के साथ कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन खबर लिखे जाने तक महिला का कोई पता नहीं चल पाया था।

मंडी पुलिस भी मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी गई है और महिला की तलाश जारी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *