हिमाचल: शादी के चार महीने बाद उजड़ा सुहाग
हिमाचल: शादी के चार महीने बाद उजड़ा सुहाग, ट्रक-स्कूटी टक्कर में इकलौते बेटे की दर्दनाक मौत
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां ट्रक और स्कूटी की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में 29 वर्षीय युवक की मौत हो गई। इस हादसे ने एक परिवार की सारी खुशियां पलभर में छीन लीं। जिस घर में चार महीने पहले शादी की शहनाइयां गूंजी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, हादसा जसूर के पास मठोली क्षेत्र में हुआ। मृतक की पहचान बंटी चौहान (29) निवासी राजा का तालाब के रूप में हुई है। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी शादी करीब चार महीने पहले ही हुई थी।
परिजनों ने बताया कि बंटी ने होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई की थी और दिल्ली में नौकरी करता था। वह मंगलवार सुबह ही दिल्ली से अपने गांव लौटा था। बताया जा रहा है कि वह जल्द विदेश जाने की तैयारी कर रहा था। इसी सिलसिले में कुछ जरूरी सरकारी दस्तावेज बनवाने के लिए मंगलवार शाम स्कूटी पर जसूर की ओर निकला था।
इसी दौरान मठोली के पास सामने से आ रहे एक ट्रक से उसकी स्कूटी की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बंटी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद बंटी चौहान का अंतिम संस्कार गमगीन माहौल में किया गया। इकलौते बेटे की असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है, जबकि शादी के कुछ ही महीनों बाद पत्नी का सुहाग उजड़ने से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
वहीं, नूरपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मचंद वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और ट्रक चालक सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।