हिमाचल

चंबा में दर्दनाक हादसा: भेड़-बकरियां चराने गए युवक का पैर फिसला

 

चंबा में दर्दनाक हादसा: भेड़-बकरियां चराने गए युवक का पैर फिसला, गहरी खाई में गिरने से मौत

हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और फिसलन का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे हालात में जरा सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो रही है। ताजा मामला चंबा जिले के चुराह उपमंडल से सामने आया है, जहां भेड़-बकरियां चराने गए एक युवक की खाई में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, हादसा चुराह उपमंडल के मंद्राला धार क्षेत्र में हुआ। मृतक की पहचान बलवंत कुमार पुत्र सैनू राम के रूप में हुई है, जो जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले की बणी तहसील के संधी गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि बलवंत अपने मवेशियों के साथ ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्र में गया हुआ था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जब देर रात तक बलवंत वापस नहीं लौटा तो उसके साथियों को चिंता हुई। उन्होंने आसपास के इलाके में उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद बलवंत का शव गहरी खाई में मिला। इसके बाद साथियों ने तुरंत ग्राम पंचायत देवीकोठी के प्रधान परस राम को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही प्रशासन और तीसा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल तीसा भेज दिया है। साथ ही मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को भी दे दी गई है।

तहसीलदार तीसा आशीष ठाकुर ने बताया कि प्रशासन नियमानुसार सभी औपचारिकताएं पूरी कर रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद सरकारी नियमों के अनुसार मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी।

लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *