हिमाचल

कांगड़ा में संदिग्ध हालात में मिला युवक का शव

कांगड़ा में संदिग्ध हालात में मिला युवक का शव, पैरों पर मिले सांप के काटने जैसे निशान, जांच में जुटी पुलिस

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक रहस्यमयी मौत का मामला सामने आया है। हरिपुर थाना क्षेत्र के बिलासपुर गांव में 42 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के दोनों पैरों पर सांप के काटने जैसे निशान मिले हैं। हालांकि, मौत की असली वजह क्या है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान 42 वर्षीय मनमीत सिंह के रूप में हुई है, जो दिहाड़ी-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह अपने पुश्तैनी घर में भाई के साथ रहता था। परिजनों के अनुसार, 13 जुलाई की रात करीब साढ़े आठ बजे खाना खाने के बाद वह पुराने मकान की छत, जिसे स्थानीय भाषा में बौड़ कहा जाता है, पर सोने चला गया था।

अगली सुबह जब मनमीत घर में कहीं दिखाई नहीं दिया तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उसकी भाभी घर की सफाई कर रही थी। उन्हें तेज बदबू महसूस हुई, जिसके बाद वह छत पर पहुंचीं। वहां मनमीत का शव पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए और तुरंत अन्य परिजनों तथा ग्रामीणों को इसकी सूचना दी गई।

घटना की खबर मिलते ही गांव के लोग और पंचायत प्रधान मौके पर पहुंचे। शव को नीचे उतारने के दौरान लोगों ने देखा कि मनमीत के दोनों पैरों पर सांप के काटने जैसे निशान मौजूद थे। इसके बाद तुरंत हरिपुर पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी महिंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, परिजनों के बयान दर्ज किए और शव को कब्जे में लेकर पहले देहरा अस्पताल पहुंचाया। रातभर शव को शवगृह में रखने के बाद पोस्टमार्टम के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, टांडा भेजा गया।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। प्रथम दृष्टया पैरों पर मिले निशानों से सर्पदंश की आशंका जरूर जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम और आवश्यक फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी।

एसपी देहरा संदीप धवल ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। यदि जरूरत पड़ी तो फॉरेंसिक टीम की भी सहायता ली जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह मामला वास्तव में सर्पदंश का है या मौत के पीछे कोई अन्य कारण है।

फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *