हिमाचल

चिंतपूर्णी दर्शन के लिए निकले जीजा-साले की बाइक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर साले की मौत

 

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में चिंतपूर्णी दर्शन के लिए निकले पंजाब के जीजा-साले की यात्रा दर्दनाक हादसे में बदल गई। अंब-चिंतपूर्णी मार्ग पर सिद्ध चलेहड़ के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका जीजा गंभीर रूप से घायल है।

मंदिर में माथा टेकने जा रहे थे दोनों

मृतक की पहचान फिरोजपुर, पंजाब निवासी 23 वर्षीय हर्ष पुरी के रूप में हुई है। हर्ष अपने जीजा बलकरण के साथ बाइक पर सवार होकर माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन के लिए जा रहा था।

बताया जा रहा है कि दोनों जब बोम्बे पिकनिक स्पॉट से कुछ आगे सिद्ध चलेहड़ के पास पहुंचे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने दोनों घायलों को तत्काल क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।

परिजन दोनों को लेकर चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए, लेकिन रोपड़ के पास हर्ष की हालत अचानक बिगड़ गई। गंभीर चोटों के चलते उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। इसके बाद परिजन हर्ष के शव को वापस क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लेकर पहुंचे।

जीजा सदमे में, आरोपी चालक फरार

साले की मौत के बाद जीजा बलकरण गहरे सदमे में है। वहीं हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

डीएसपी अंब अनिल पटियाल के अनुसार पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस अब हादसे को अंजाम देने वाले वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।

चिंतपूर्णी दर्शन के लिए निकले परिवार की खुशियां रास्ते में हुए इस हादसे के बाद मातम में बदल गईं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *