सनकी निकला मंगेतर- युवती से करता था मार**पीट
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। मनाली थाना क्षेत्र की एक युवती ने अपने ही मंगेतर पर नशे की हालत में मारपीट करने और दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंगेतर के साथ रह रही थी युवती
पुलिस को दी शिकायत में युवती ने बताया कि वह कुछ समय से अपने मंगेतर के साथ रह रही थी। आरोप है कि उसका मंगेतर नशे का सेवन करता था और नशे की हालत में उसके साथ मारपीट करता था।
युवती ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया। इसके बाद युवती ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
शिकायत मिलने के बाद मनाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की धारा 64(1), 115(2) और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है।
एसपी कुल्लू ने की मामले की पुष्टि
एसपी कुल्लू अभिषेक एस ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने और साक्ष्यों के सत्यापन के बाद ही हो सकेगी।