पैरापिट तोड़ ब्यास नदी में गिरी सब्जियों से भरी बोलेरो
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। पंडोह से आगे 6 मील के पास एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पैरापिट को तोड़ते हुए सीधे ब्यास नदी में जा गिरी। हादसे के बाद से वाहन चालक लापता है, जिसकी तलाश में पुलिस और रेस्क्यू टीमें जुटी हुई हैं।
लाहौल से सब्जियां लेकर पंजाब के लिए निकला था चालक
जानकारी के मुताबिक, रमेश चंद्र वीरवार शाम लाहौल से सब्जियों की खेप लेकर बोलेरो कैंपर में पंजाब के लिए रवाना हुआ था। उसे शुक्रवार सुबह पंजाब की सब्जी मंडी पहुंचना था, लेकिन तय समय तक वह मंडी नहीं पहुंचा।
जब आढ़तियों ने रमेश से संपर्क करने की कोशिश की तो उसका फोन बंद मिला। इसके बाद उन्होंने उसके भाई बालक राम को फोन कर रमेश के पंजाब नहीं पहुंचने की जानकारी दी। भाई से संपर्क नहीं होने की खबर मिलते ही बालक राम खुद उसकी तलाश में निकल पड़ा।
6 मील के पास टूटा मिला पैरापिट
बालक राम हाईवे के रास्ते रमेश को तलाशते हुए पंडोह से आगे 6 मील के पास पहुंचा। यहां सड़क किनारे लगा पैरापिट टूटा हुआ था और ब्यास नदी के किनारे बड़ी मात्रा में सब्जियां बिखरी पड़ी थीं।
मौके का मंजर देखकर बालक राम को आशंका हुई कि बोलेरो कैंपर नदी में गिर गई है। उसने तुरंत पंडोह पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
ब्यास नदी में शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
लापता चालक की पहचान रमेश चंद्र पुत्र जगत राम के रूप में हुई है। वह मंडी जिले की औट तहसील के लगसाल गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस ने नदी के आसपास सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। हालांकि ब्यास नदी का बहाव काफी तेज होने के कारण रेस्क्यू टीमों को तलाश में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। अभी तक न तो बोलेरो कैंपर का पता चल पाया है और न ही चालक रमेश चंद्र की कोई जानकारी मिली है।
फिलहाल पुलिस और रेस्क्यू टीमें नदी के आसपास लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। परिजनों को उम्मीद है कि रमेश चंद्र सुरक्षित मिल जाएगा। पुलिस हादसे के कारणों का भी पता लगाने में जुटी हुई है।