हिमाचल

PHD रिजल्ट आने के बाद परेशान था छात्र

 

हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जिसने हर किसी को गमगीन कर दिया है। यहां IIT मंडी के एक छात्र ने किराये के कमरे में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, जबकि छात्र के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

फोन बंद मिलने पर परिजनों को हुई चिंता

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला IIT मंडी से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि बीते सोमवार शाम पीएचडी के कॉम्प्रिहेंसिव टेस्ट का परिणाम आने के बाद से छात्र परेशान था।

मंगलवार को जब छात्र ने परिजनों के फोन उठाने बंद कर दिए और काफी देर तक अपने कमरे का दरवाजा भी नहीं खोला, तो परिवार के लोग चिंतित हो गए। इसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस को मामले की सूचना दी गई।

पुलिस ने दरवाजा तोड़कर की कमरे में एंट्री

पुलिस के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 1:40 बजे कटौला पंचायत के प्रधान महेश्वर सिंह ने पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि कटौला स्कूल के समीप किराये के कमरे में रहने वाला IIT का छात्र काफी समय से दरवाजा नहीं खोल रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने चिटकनी तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो छात्र फंदे से लटका हुआ मिला।

इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक छात्र की पहचान गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो डलहौजी का रहने वाला था।

मौके पर नहीं मिला कोई सुसाइड नोट

घटना की सूचना मिलते ही RFSL की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने कमरे के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र की भी जांच की, लेकिन मौके से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

सभी पहलुओं से जांच कर रही पुलिस

एसपी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। छात्र ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी जांच के लिए सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।

फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है और मामले से जुड़े हर तथ्य की पड़ताल की जा रही है। वहीं, इस दुखद घटना के बाद छात्र के परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *